जगदीशपुर में युवाओं ने नाली एवं सड़क बनवाने की मांग की
सड़क पर भरा नाली का पानी, घरों से निकलना मुश्किल, फैली गंदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
अहिरौली बाजार। कप्तानगंज ब्लॉक के जगदीशपुर गांव में फैली गंदगी से नाराज युवाओं ने रविवार को प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान और सचिव पर मनमानी का आरोप लगाते हुए गांव की सड़कों पर हुए जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। इनका कहना था कि इसकी वजह से गांव में जलजनित बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।
युवाओं ने बताया कि गांव में नाली निर्माण नहीं होने से सड़कों पर नाली का पानी एकत्र हो रहा है। बरसात की वजह से गांव में गंदगी का अंबार लगा है। इसकी शिकायत गांववाले बीडीओ और सचिव से लिखित कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो सका। गांव की कई सड़कें भी टूट गई हैं। नाली के पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण जनहित में जरूरी है। गांव में भेदभाव की वजह से गांववाले परेशान हैं। चेताया कि अगर जिम्मेदारों ने नाली और सड़क निर्माण नहीं कराया तो बीडीओ कार्यालय पर आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में युगल किशोर सिंह, शेषमणि, यशवंत सिंह, गुड्डू सिंह, पंकज सिंह, अंकित कुमार, अभिषेक, रोहित आदि शामिल थे।
ग्राम पंचायत सचिव आलमगीर अंसारी ने बताया कि नाली और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव दिया गया है। सफाई कर्मचारी की तैनाती थी। इन दिनों स्थानांतरण हो गया है। इसके चलते गांव में सफाई नहीं हो पा रही है।