ग्रामीण बोले, पोखरे की जमीन पर लोगों ने कर रखा है अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। तमकुही क्षेत्र के महुअवा देवरिया गांव में स्थित अमृत सरोवर के लिए चयनित पोखरे पर बिना पैमाइश निर्माण कार्य शुरू कराने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने सीडीओ और ग्राम प्रधान ने एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। लोगों की मांग है कि पोखरे की पैमाइश कराकर ही निर्माण कार्य कराया जाए।
महुअवा देवरिया के ग्राम प्रधान ने तमकुहीराज के एसडीएम को शिकायती पत्र देकर बताया है कि ग्राम सभा में स्थित पोखरे को अमृत सरोवर बनाने की स्वीकृति मिली है। इसे लेकर जिला पंचायत की ओर से मौके पर बिना पैमाइश कराए ही मानक के विपरीत कार्य शुरू कर दिया गया है।
एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने मौके की पैमाइश कराकर ही कार्य कराने की मांग की है। वहीं गांव के शिवशंकर तिवारी, त्रिपुरेश तिवारी, रामसकल तिवारी सहित अन्य लोगों ने सीडीओ को शिकायती पत्र देकर पोखरे की पैमाइश कराने व अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
इन लोगों का आरोप है की यह विकास खंड का सबसे बड़ा पोखरा है। इसके चारों तरफ भीटा है, जिस पर अतिक्रमण किया गया है। लोगों ने अतिक्रमण हटाए जाने व पैमाइश के बाद ही अमृत सरोवर का निर्माण कार्य कराने की मांग की है। इस संबंध में तमकुहीराज के एसडीएम विकास चंद्र का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर पोखरे की पैमाइश कराई जाएगी।