सीताराम चौराहा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मठिया भोकरिया के बाजार टोला में शुक्रवार को लोगों ने प्रदर्शन किया। इसमें नाली निर्माण के नाम पर करीब तीन माह से उखड़ी सड़क को दुरुस्त कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि बनाई गई नाली की पाइपलाइन जमीन की सतह पर है। चेंबर व ढक्कन तक सतह से ऊपर निकल आए हैं। इससे सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। चारपहिया वाहनों का रास्ता पूरी तरह बंद है। बाइक सवार हर दिन चेंबर से टकराकर चोटिल हो रहे हैं। सड़क पर पसरे कीचड़ में लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं। लोगों ने चेताया कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।