कसया एसडीएम कार्यालय में बृहस्पतिवार को महात्मा बुद्ध कृषि प्रौद्योगिकी विवि की स्थापना के लिए
मैत्रेय परियोजना के लिए किसानों से ली गई जमीन पर कृषि विश्वविद्यालय के लिए भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कुशीनगर में महात्मा बुद्ध कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर कसया एसडीएम और तहसीलदार ने भूमि का प्रस्ताव तैयार कर डीएम को भेजा है। वहां से डीएम इस प्रस्ताव को शासन को भेजेंगे।
बृहस्पतिवार को एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव की अगुवाई में राजस्व निरीक्षक और लेखपालों ने महात्मा बुद्ध कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 145.82 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तैयार कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है।
तहसीलदार मांधाता प्रताप सिंह ने बताया कि डीएम को भेजे गए प्रस्ताव वाली भूमि कुशीनगर में मैत्रेय परियोजना के लिए किसानों से अधिग्रहीत की गई थी। मैत्रेय परियोजना निरस्त होने के चलते प्रावधान के अनुसार संस्कृति विभाग के पास चली गई।
विश्वविद्यालय स्थापना के लिए एक पैच में अधिग्रहीत 145.82 एकड़ भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्थापना के लिए भूमि प्रबंधन में राजस्व विभाग युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।
इस दौरान लेखपाल निलेश रंजन राव, हरिशंकर सिंह,डा.शैलेंद्र दुबे, पर्यटन सूचना अधिकारी प्राण रंजन आदि मौजूद रहे।