नगर पालिका पडरौना : मुख्यमंत्री नगर सृजित योजना समेत अन्य विकास कार्यों को दी गई बोर्ड की मंजूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर पालिका परिषद पडरौना कार्यालय में शुक्रवार की शाम बोर्ड की पहली बैठक हुई। इसमें 50 से अधिक परियोजनाओं के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा सभासदों के साथ अन्य विकास कार्यों पर भी चर्चा हुई।
अधिशासी अधिकारी संतराम सरोज ने सभी विकास कार्ययोजनाओं को प्रस्तुत बोर्ड के सामने विचार के लिए रखा। इसमें जल निकासी, सड़क निर्माण, पेयजलापूर्ति, पथप्रकाश व्यवस्था, चौक चौराहों का सुंदरीकरण, शौचालय निर्माण, सीवरेज व्यवस्था, अंत्येष्टि स्थल, पर्यटन को बढ़ावा देने, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना आदि कार्ययोजनाएं शामिल रही।
सभासद प्रवीण सिंह ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण संबंधित समस्या का प्रश्न सदन में उठाया, जिसके जवाब में ईओ ने सभी को आश्वस्त किया कि तकनीकी समस्या के कारण शुरू में समस्याएं आईं थीं। उसका निराकरण करा लिया गया है। सभासद संजय चौधरी ने बोर्ड के सामने पालिका क्षेत्र में स्थित सभी मंदिरों मठों की रंगाई पुताई संबंधित प्रस्ताव रखा।
मालती देवी ने सभी कुओं के जीर्णोद्धार संबंधित प्रस्ताव रखा। सभासद एबादुल्लाह ने परिवार नकल पंजीकरण को पुनः पालिका की तरफ से जारी करने, सौरभ सिंह ने बिजली के सभी जर्जर तारों को बदलने, सभी बिजली पोल पर स्ट्रीट लाइट लगवाने आदि बिंदुओं पर प्रस्ताव रखा। इन सभी प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से सभी प्रस्ताव पारित किया गया।
हर घर नल योजना को धरातल पर उतारने के लिए जल निगम को एनओसी देने तथा सीएनडीएस द्वारा सर्वे कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। चेयरमैन विनय जायसवाल ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्यों को पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके लिए बोर्ड के सभी सदस्यों को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की विभिन्न योजनाओं के अलावा केंद्र और राज्य की लोक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
इस दौरान सभासद विश्वनाथ प्रताप सिंह, संजय चौधरी, क्यामुद्दीन, बलवंत, अंजू देवी, प्रवीण, कमलावती, तबस्सुम, सौरभ कुमार सिंह, एबदुल्लाह, उत्तम चौहान, अविनाश, बबलू, मालती देवी, सन्तोष, शारदा मौजूद रहे।