साखोपार। कसया नगर के पीडब्ल्यूडी डॉक बंगला के पास आरएसए स्वयंसेवकों की बैठक हुई। इसमें आठ मार्च को जिले में आने वाले कोरियाई पर्यटकों के स्वागत की तैयारी की गई।
जिला संघचालक डॉ. सीएस सिंह ने कहा कि 200 सदस्यीय दक्षिणी कोरियाई पर्यटकों में बुद्धिस्ट, समाज सेवी व शोध के विद्यार्थी हैं। इनके आगमन से अपने देश व कोरिया गणराज्य में सांस्कृतिक आदान-प्रदान के साथ ही अंतरदेशीय सहयोग को मजबूती मिलेगी। बिहार की तरफ से आ रही पदयात्रा सात मार्च की शाम समउर बाजार से यूपी में प्रवेश करेगी। ये पर्यटक फाजिलनगर ब्लॉक के पिपरा कनक गांव स्थित एक विद्यालय में रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार की सुबह तीन बजे से मल्लूडीह क्षेत्र स्थित अन्हया गांव पहुंचेंगे, जहां स्थानीय लोग यात्रा का स्वागत करेंगे। उसके बाद यात्रा कसया नगर के देवरिया मार्ग से कुशीनगर स्थित रामाभार स्तूप पंहुचेगी। वहां प्रशासन और आरएसएस के सभी अनुषांगिक संगठन पर्यटकों का स्वागत करेंगे।
इस दौरान पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, डॉ. अनिल कुमार सिंहा, संतोष श्रीवास्तव, मुकेश त्रिपाठी, रामबचन, डॉ. शुभलाल, डॉ. निगम मौर्य, अर्चना श्रीवास्तव, वंदना मद्धेशिया, अरुण राय, कमला पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।