जोगिया जनूबी पट्टी में दो दिवसीय लोकरंग महोत्सव के लिए लगा पोस्टर।संवाद
फाजिलनगर। क्षेत्र के जोगिया जनूबी पट्टी में 11 व 12 अप्रैल को आयोजित होने वाले दो दिवसीय लोकरंग महोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजकों की तरफ से कस्बा और आसपास के प्रमुख चौराहों पर बैनर व होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बनने लगा है।महोत्सव स्थल को आकर्षक और पारंपरिक स्वरूप देने के लिए मंच सज्जा और भित्ति चित्रों पर काम करने के लिए नौ अप्रैल को संभावना कला मंच गाजीपुर की दस सदस्यीय टीम सुधीर सिंह की टीम जोगिया जनूबी पट्टी पहुंचेगी। यह टीम लोक संस्कृति की झलक दिखाने वाले भित्ति चित्रों का निर्माण करेगी, जिससे मंच और परिसर पूरी तरह लोक रंग में रंगा नजर आएगा। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में लोकगीत, लोकनृत्य, नाटक, संगोष्ठी और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां होगी। इसमें स्थानीय लोक कलाकारों के साथ विभिन्न प्रदेशों से आने वाले लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत को दर्शकों के सामने जीवंत करेंगे।