संवाद न्यूज एजेंसी
जौरा बाजार/बनकटा बाजार। जौरा बाजार क्षेत्र के करीब पांच गांवों में 40 घंटे से बिजली गुल है। गांव के लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। बिजली नहीं होने से लोगों में नाराज है।
रहसू फीडर से क्षेत्र के गांव जौरा मनराखन, परसौनी, कनौरा, रहसूजनोबीपट्टी पट्टी, रहसूसोमाली पट्टी सहित अन्य गांव में बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार की सुबह तेज हवा के साथ मूसलधार बारिश के बाद से ही आपूर्ति ठप है। क्षेत्र के शंभू बरनवाल, हरिशंकर उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, अंशुमान चतुर्वेदी, सुरेश उपाध्याय, राधेश्याम, ध्यान कुशवाहा आदि ने बताया कि बारिश के दौरान ठप हुई बिजली आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हुई है। इन्वर्टर समेत अन्य बिजली के उपकरण ठप पड़े हैं। मोबाइल तक डिस्चार्ज हो गया है। पास के चौराहे पर जाकर किसी तरह मोबाइल चार्ज कराना पड़ रहा है।
बिजली नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी शाम को महिलाओं को भोजन पकाने में हो रही है। मोमबत्ती जलाकर किसी तरह भोजन पक रहा है। इसी तरह बनकटा बाजार की मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी बारिश की वजह से एक शीशम का पेड़ गिर गया। इसकी वजह से गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जेई डीएन शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान चली तेज हवा की वजह से कुछ स्थानों पर बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके अलावा बिजली घर में बारिश का पानी भर गया था। इसकी वजह से बिजली आपूर्ति ठप थी। अब सभी तरह की दिक्कतें सही कर ली गई हैं। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।