तमकुहीराज/पटहेरवा। पटहेरवा थाना क्षेत्र के पखिहवा उर्फ करजहा गांव में 25 अप्रैल को हुई मारपीट के बाद सोमवार को गांव के 20 परिवारों ने घर पर मकान बिकाऊ है और गांव छोड़ कर जाने का पोस्टर लगा दिया था। मंगलवार को एडीएम और एएसपी दक्षिणी सहित अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और दोनों पक्ष के लोगों के साथ बैठक कर मामला शांत कराया। प्रशासन की पहल पर गांव के लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर गिले-शिकवे दूर किया।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव पखिहवा उर्फ कर्जहा में बीते 25 अप्रैल को गांव निवासी सफाई कर्मी से मारपीट हुई थी। इसमें पुलिस ने पीड़ित राजकिशोर मिश्र की तहरीर पर छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि केस दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए और गांव में घूमकर अपशब्द बोलते हुए धमकी देने लगे थे। इससे पीड़ित राजकिशोर मिश्र समेत करीब 20 परिवारों ने अपने दरवाजे पर पोस्टर लगा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर तमकुहीराज एसडीएम विकास चंद्र, सीओ जिंतेद्र सिंह कालरा और पटहेरवा इंस्पेक्टर राकेश रोशन गांव में पहुंचकर दोनों पक्षों से बात कर मामला शांत कराया। मंगलवार को पुन: एडीएम वैभव मिश्रा, एएसपी दक्षिणी अभिनव त्यागी, तमकुहीराज एसडीएम विकास चंद पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और दोनों पक्षों के साथ बैठक कर उनक बीच गिले शिकवे दूर कराया।
0
गांव के दोनों पक्षों के साथ बैठक की गई है। दोनों पक्ष की बातें सुनी गई हैं। उनके बीच आपसी सहमति के आधार पर चल रहा विवाद शांतिपूर्ण ढंग से निपटाया गया है। अब उनके बीच कोई गिला-शिकवा नहीं रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई है। गांव में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल है। -वैभव मिश्र, एडीएम।