नेबुआ नौरंगिया थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक करते खड्डा सीओ संदीप वर्मा।
- फोटो : KUSHINAGAR
त्योहारों में पुलिस पर रहेगी पैनी नजर, खलल डालने वालों पर होगी कार्रवाई
मोहर्रम और डोल मेले को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कई जगह पीस कमेटी की बैठक हुई
पडरौना। मोहर्रम और डोल मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को जगह-जगह शांति कमेटी की बैठकों का आयोजन किया गया। इसमें एसडीएम, सीओ एवं थानेदारों ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि त्योहारों में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पिपरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार आगामी मोहर्रम और डोल मेला को देखते हुए खड्डा के सीओ की अध्यक्षता में नेबुआ नौरंगिया थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। खड्डा के सीओ संदीप वर्मा ने कहा कि मोहर्रम एवं डोल मेला आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने हिदायत दी कि मोहर्रम के अवसर पर ताजिया निकालने का कोई भी नया रूट नहीं बनाया जाएगा। पुराने रूट पर ही ताजिये का जुलूस निकाला जाएगा। बैठक में प्रभारी निरीक्षक दिनेश तिवारी, उमेश यादव, भरत राम मिश्र, शिवकुमार शर्मा, अखिलेश कुमार, बीएल यादव, मानवेंद्र सिंह, सोनू कुमार और प्रधान संतोष तिवारी आदि मौजूद थे।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार सावन, मोहर्रम और डोल मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसडीएम भावना सिंह व सीओ संदीप कुमार वर्मा की मौजूदगी में थाने में शांति कमेटी की बैठक की गई। ताजियादारों व डोल जुलूस से जुड़े लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। बैठक के बाद एसडीएम व सीओ ने फोर्स के साथ कस्बे का भ्रमण कर जुलूस निकलने वाले मार्गों का अवलोकन किया। इस दौरान एसओ दुर्गेश सिंह और एसआई पीके सिंह आदि मौजूद थे। इसी सिलसिले में हनुमानगंज थाने में भी शांति कमेटी की बैठक हुई। त्योहारों में निकलने वाले जुलूस आदि के विषय में कोई भी दिक्कत आने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया।