पडरौना। लोगों की शिकायतों के निस्तारण के लिए डीएम ने जिले के थानों पर लगने वाले थाना समाधान दिवस के लिए अक्तूबर से दिसंबर तक का रोस्टर जारी किया है।
अब माह के प्रत्येक द्वितीय और चतुर्थ शनिवार को थाना परिसर में सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक थाना समाधान दिवस आयोजित कर लोगों की शिकायतों का निस्तारण होगा। इसमें पुलिस अधिकारियों के अलावा थाना क्षेत्र के राजस्व अधिकारी लोगों की शिकायतें सुनेंगे। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि लोगों के शिकायतों की सुनवाई प्रभारी अधिकारी की उपस्थिति में की जाएगी। शिकायत की प्रकृति के आधार पर पुलिस और राजस्व कर्मियों अथवा दोनों के संयुक्त रूप से निस्तारित के लिए निर्देश दिए जाएंगे। जिन प्रकरणों में स्थल निरीक्षण की आवश्यकता हो, तो उसने पुलिस व राजस्व कर्मियों की टीमें गठित कर स्थल पर भेजी जाएगी।