पडरौना। देवी प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर सोमवार को भी पुलिस काफी सतर्क रही। एसपी संतोष कुमार मिश्रा सोमवार की दोपहर बाद से ही विसर्जन स्थलों का भ्रमण करते हुए मातहतों को निर्देश देते नजर आए। सभी सीओ और इंस्पेक्टर भी प्रतिमा विसर्जन के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय दिखें। प्रतिमाओं के साथ एक एसआई और दो कांस्टेबलों को लगाया गया था, जो साथ-साथ चल रहे थे। इसके अलावा पुलिस व पीएसी के जवानों को रास्ते में भी तैनात किया गया था। देर शाम तक कहीं से कोई विवाद की सूचना नहीं है।
शनिवार को ही आधे से अधिक शहर से लेकर गांव तक की देवी प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया था। रविवार दिन पड़ जाने के कारण आयोजकों ने सोमवार को विसर्जन करने का निर्णय लिया। सोमवार की दोपहर बाद से ही प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो गया। विसर्जन को लेकर पुलिस की सक्रियता देखने को मिली। हाटा में एएसपी रितेश कुमार सिंह प्रतिमा विसर्जन को लेकर भ्रमण करते रहे। कसया में सीओ कुंदन सिंह की अगुवाई में पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
खड्डा एसडीएम ऋषभ पुंडिर व सीओ उमेश कुमार भट्ट ने नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी में दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन स्थल व रुट व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अफसरों ने आवश्यक निर्देश दिया। कोतवाली पडरौना क्षेत्र में एसपी संतोष कुमार मिश्रा, सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय व इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ विसर्जन वाले जगहों का निरीक्षण किया।
इस दौरान एसपी ने मातहतों को आवश्यक निर्देश दिया। इसके अलावा एसपी ने साहबगंज घाट का निरीक्षण कर आयोजकों से बातचीत की। एसपी की मौजूदगी में घाट पर ड्रोन कैमरा से निगरानी कराई गई। इसके अलावा रविंद्रनगर धूस थाने के एसओ विनय कुमार मिश्र ने पुलिस कर्मियों के साथ भ्रमण कर शांतिपूवर्क प्रतिमाओं का विसर्जन कराया।