गिरफ्तार हरेंद्र के साथियों की तलाश में पुलिस की दबिश
पडरौना/गुरवलिया बाजार। जिले के पशु तस्करों पर डीआईजी के निर्देेश पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मंगलवार की रात तुर्कपट्टी क्षेत्र के बसडीला गांव निवासी हरेंद्र यादव के साथियों की तलाश में पुलिस टीम ने दबिश दी। इस दौरान कोई व्यक्ति नहीं पकड़ा गया, लेकिन मौके पर मिली छह गाड़ियों को कब्जे में लेकर पुलिस ने थाने पहुंचा दिया। पुलिस का दावा है कब्जे में लिए वाहनों का इस्तेमाल पशु तस्करी में होता है। हरेंद्र यादव का नाम जिले के टॉप 10 बदमाशों में भी शामिल है।
गत दिनों गोरखपुर में पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान हरेंद्र यादव भी पकड़ा गया। इसके अलावा कई अन्य का नाम सामने आया। इस पर डीआईजी जे रविंद्र गोंड ने पशु तस्करों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश कुशीनगर के एसपी धवल जायसवाल को दिए।
उसके बाद मंगलवार की रात सीओ कुंदन सिंह और तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने बसडीला पांडेय निवासी हरेंद्र यादव और इसी गांव के परमहंस यादव के घर दबिश देकर तलाशी ली। इसके अलावा पुलिस टीम ने छहूं निवासी अमरेश यादव, संतोष यादव, वीरेश यादव सहित अन्य बदमाशों के घर पहुंची। सभी जगहों पर दबिश के दौरान पुलिस ने तीन पिकअप, एक स्कार्पियो और तीन बाइक को कब्जे में ले लिया।
पांच थानों, 15 चौकियों को पार करते हैं पशु तस्कर
गोरखपुर से पशुओं को लादकर बिहार जाने वाले तस्कर पांच थानों और 15 पुलिस चौकियों पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ रहे हैं। जिले में पशु तस्करी के नेटवर्क को पुलिस तोड़ नहीं पा रही है। गोरखपुर में एसपी नार्थ पर हमले के बाद पुलिस सक्रिय हुई है। गोरखपुर से पशुओं को लादकर बिहार जाने वाले तस्कर नेशनल हाईवे के हाटा, कसया, तुर्कपट्टी, पटहेरवा और तरयासुजान थानों से होकर गुजरते हैं। इस रूट पर 15 पुलिस चौकियां भी हैं। बावजूद इसके, तस्करों पर शिकंजा कसने में मुश्किल आ रही है।
तस्करों की तलाश में मंगलवार की रात दबिश दी गई है। इस दौरान तस्करी में उपयोग किए जाने वाले वाहनों को कब्जे में लिया गया है। पशु तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
- कुंदन सिंह, सीओ, सदर