अनियंत्रित पुलिस जीप साइकिल मरम्मत की गुमटी से भिड़ी।
खड्डा। थाने की सरकारी जीप मंगलवार को अनियंत्रित होकर बंजारीपट्टी चौराहे पर अनियंत्रित होकर साइकिल मरम्मत करने वाले एक दुकानदार की दुकान से टकरा गई। वहां मौजूद 12 वर्ष के एक बालक सहित तीन लोग जीप की चपेट में आ गए। उन्हें आस-पास लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह बाहर निकाला और घायलावस्था में तुर्कहां सीएचसी व निजी अस्पताल भेजा। उनका इलाज चल रहा है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी नहर में लापता युवक की तलाश के लिए बंजारीपट्टी के पास लगी थी। चौराहे पर मोड़ते समय जीप अनियंत्रित हो गई।
सोमवार की शाम मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में लापता युवक की तलाश के लिए बंजारीपट्टी गांव के पास खड्डा थाने की पुलिस तैनात थी। बताया जा रहा है कि नहर में युवक की काफी खोजबीन के बाद जब युवक का पता नहीं चला तो पुलिस वापस जा रही थी। पुलिस की सरकारी जीप को थाने का एक सिपाही चला रहा था। नहर के पुल के पास मोड़ते समय अचानक जीप का संतुलन बिगड़ गया। इससे जीप तेजी से सड़क के किनारे स्थित साइकिल मरम्मत की गुमटी में भिड़ गई। इसमें दुकानदार मुन्ना अंसारी (55) निवासी बंजारीपट्टी, वहां मौजूद गांवों में घूमकर कबाड़ का समान खरीदने वाले संवरू (60) निवासी ग्राम करदह तथा सोनबरसा गांव निवासी 12 वर्षीय अमरीश जीप की चपेट में आकर घायल हो गए। तीनों को तुर्कहां सीएचसी ले जाया गया। वहां से अमरीश को डाॅक्टर ने सिर में चोट के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य दो को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
इस संबंध में खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने बताया कि जीप अनियंत्रित हो गई थी। तीन लोगों को चोट आई थी। उनका इलाज कराया गया है।