गंगुआ बाजार। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव के नोनियापट्टी टोले पर नीलगाय के मारे जाने की सूचना पर पुलिस करीब दो घंटे तक हलकान रही। पुलिस ने जब मामले की बारीकी से जांच की तो पता चला कि नीलगाय की मौत किसी विषैले सर्प के काटने से हुई है। सोमवार की शाम करीब पांच बजे किसी ने डॉयल 112 पर पुलिस को सूचना दी कि क्षेत्र के नोनियापट्टी टोले में कुछ लोगों ने एक नीलगाय पर लाठी-डंडे से हमला कर उसे मार दिया है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर समउर बाजार पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। समउर बाजार चौकी पर तैनात एसआई राजकुमार गुप्ता भी वहां टीम के साथ पहुंच गए और मामले की छानबीन में जुट गए। पुलिस को कुछ लोगों ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने नीलगाय को लाठी-डंडे से पीटा है। पुलिस के मुताबिक नीलगाय के शरीर पर किसी प्रकार का चोट नहीं था। मुंह से सिर्फ सफेद झाग ही निकल रहा था। इस संबंध में चौकी इंचार्ज समउर बाजार राहुल कुमार सिंह ने बताया कि नीलगाय मारे जाने की सूचना पर पुलिस गांव में गई थी, लेकिन उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट का निशान नहीं था। सांप काटने की वजह से नीलगाय की मौत हुई है। संवाद