पडरौना। जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने 1388 बदमाशों की सूची तैयार की है। अपराधियों पर नकेल कसे जाने के लिए एसपी संतोष कुमार मिश्र के निर्देश पर पिछले 10 वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों (डकैती-51, लूट-105, चोरी-331, वाहन चोरी-388, नकबजनी-513) में नामजद कुल 1388 बदमाशों की थानावार सूची तैयार कर ली गई है। संबंधित थाने के चौकी इंचार्ज से सत्यापन की कार्रवाई करते हुए उनका संपूर्ण विवरण तैयार किया जाएगा।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने कहा कि मंगलवार से संपत्ति संबंधी अपराध के अपराधियों के सत्यापन व उनके विरुद्ध कठोर निरोधात्मक कार्रवाई के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें एएसपी, सीओ, एसएचओ, सर्विलांस व स्वाट प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिया गया है। अपराधियों के अपराधों की मॉनीटरिंग करते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जो संपत्ति संबंधी अपराधों में सक्रिय अपराधी हैं, उनके खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। गुंडा, गैंगस्टर समेत सभी अपराधियों का नियमानुसार डोजियर भी तैयार किया जाएगा।