संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। शारदीय नवरात्र के दौरान पडरौना के छावनी में हुए प्रतिमा पर पथराव के बाद पुलिस काफी सतर्कता बरत रही है। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद अब पुलिस लक्ष्मी पूजा और छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने में अभी से जुट गई है। सभी थानों को पैदल गश्त करने, शांति कमेटी की बैठक करने और अराजकतत्वों की तलाश करने का निर्देश दिया गया है। एसपी के निर्देश के बाद सभी थानाध्यक्ष तैयारियों में जुटे हैं। एसपी ने सख्त हिदायत दी है कि अगर कहीं से कोई लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद पुलिस लक्ष्मी पूजा और छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सक्रिय हो गई है। जूम मीटिंग के जरिए एसपी संतोष मिश्रा ने त्योहारों के मद्देनजर मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि अपने क्षेत्र में पुलिसकर्मी सतर्कता बरतें। बीट सिपाही और दरोगा एक-एक सूचना को एकत्र करें। जहां-कहीं भी दिक्कत आ रही हो तो वे सीधे उनके संज्ञान में लाएं।