कुशीनगर। पारंपरिक डोल मेला को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने इस बार एक नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले के चुनिंदा नागरिकों को पुलिस मित्र बनाया गया है, जो पुलिस बल के साथ मिलकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं। डोल मेले में भारी भीड़ और उत्साह को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। पुलिस मित्र न केवल सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस की मदद कर रहे हैं, बल्कि भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों को दिशा-निर्देश देने और आपात स्थिति में त्वरित सहयोग प्रदान करने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पुलिस मित्रों का चयन उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा, जिम्मेदारी और सामुदायिक सेवा के प्रति समर्पण को ध्यान में रखकर किया गया है। इनमें स्थानीय व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा स्वयंसेवक शामिल हैं। एसपी का मानना है कि यह पहल न सिर्फ मेले की व्यवस्था को मजबूत बना रही है, बल्कि नागरिकों को सामुदायिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित भी कर रही है। पुलिस और जनता की यह साझेदारी डोल मेला के शांतिपूर्ण आयोजन में मील का पत्थर साबित हो रही है।