रामकोला। अपनी शादी का कार्ड लेने घर से निकला युवक 18 दिन पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में नहर के पास उसकी बाइक मिली।
सात फरवरी को उसकी बारात जाने वाली है, लेकिन अब तक युवक का पता नहीं चल सका है। इस पर बिहार से आए लड़की के परिजनों ने शादी करने से इन्कार कर दिया है। इस मामले पटाक्षेप के लिए स्वाट टीम के अलावा पुलिस की चार टीमें लगीं हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। वहीं परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है। रामकोला थाना क्षेत्र के पकड़ी बांगर निवासी अनुराग श्रीवास्तव की शादी सात फरवरी को होने वाली थी। शादी का कार्ड लेने के लिए वह 19 जनवरी की शाम को नौरंगिया गए थे। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बखपरना गांव के सामने नहर पर बाइक छोड़कर राजू ने अपने भाई के पास फोन कर बाइक खराब होने का बात कही थी। वहां भाई पहुंचा तो सिर्फ बाइक मिली, उसके भाई का पता नहीं चल सका। भाई अभिलाष श्रीवास्तव नेबुआ नौरंगिया थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। स्थानीय पुलिस की सुस्ती को देखते हुए घर वालों ने एसपी से मिलकर पूरी बात बताई। एसपी के निर्देश पर नेबुआ नौरंगिया, रामकोला, स्वाट टीम समेत पुलिस की चार टीमें लगाई गईं। बावजूद इसके अभी तक युवक का पता नहीं चल सका। वहीं बिहार से वधु पक्ष के लोगों ने युवक के घर पहुंचकर शादी करने से मना कर दिया। भाई अभिलाष श्रीवास्तव ने बताया कि जब भाई नहीं मिला तो लड़की वाले आए थे और उन्होंने शादी करने से मना कर दिया।