- पुलिस को देखकर ट्रक छोड़ भागने लगे पशु तस्कर, बैरिकेडिंग कर पुलिस ने की घेराबंदी
पडरौना। हाइवे पर घेराबंदी कर पुलिस नेे एक ट्रक को रोका। ट्रक छोड़कर पशु तस्कर भागने लगे। जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। ट्रक में छिपाकर गोवध के लिए बिहार जा रहे 12 गोवंश पुलिस ने बरामद किया है। तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
तुर्कपट्टी पुलिस को जानकारी मिली कि मंगलवार को एक ट्रक से गोवंश वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे हैं। उसके बाद पुलिस सक्रिय हाे गई। पुलिस ने हाइवे पर ओवरब्रिज के पास बैरिकेडिंग कर दिया। कुछ देर बाद तेज गति से एक ट्रक आते हुए दिखाई दिया। बैरिकेडिंग को देखकर कुछ दूर पहले ही ट्रक खड़ाकर पशु तस्कर खेत के रास्ते भागने लगे। कुछ दूर पहले अपनी टीम के साथ खड़े मधुरिया चौकी इंचार्ज रणजीत सिंह बघेल ने तीनों पशु तस्करों को दौड़ाकर पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रक से 12 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने पशु तस्करों की पहचान जोर सिंह उर्फ जोध सिंह ग्राम तेड़ाकला थाना चंडेर जिला अमृतसर पंजाब, सोन सिंह ग्राम गुरु का बाग थाना चंडेर जिला अमृतसर पंजाब और हरेंद्र सिंह उर्फ हरजेंद्र ग्राम पेडगौरी थाना सरायअमानत जिला तारनताल पंजाब के रूप में हुई। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रुरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।