रामकोला। बड़हरा लक्ष्मीपुर सिकटिया घाट पर बीते दिनों अवैध बालू खनन को लेकर जिला खनन अधिकारी के ड्राइवर और गार्ड पर हमले के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मंगलवार को इस घाट पर छापेमारी कर निकाल कर रखे गए बालू को जेसीबी मशीन से नदी में डलवाकर नाव तोड़वा दी गई।
रामकोला थाना क्षेत्र के इस घाट पर अवैध खनन कर डीसीएम से बालू ले जा रहे मनजीत गुप्ता तथा उनका भांजा मनीष गुप्ता सहित आठ लोगों ने उनके ड्राइवर तथा सुरक्षा गार्ड पर हमला कर दिया था और बालू लदे डीसीएम को लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था। छह आरोपियों की तलाश में पुलिस कर्मियों के साथ निकले एसएचओ राजू सिंह ने देखा कि इस घाट पर अवैध तरीके से बालू निकाल कर रखा गया है। जेसीबी से बालू को नदी में गिराया तथा नाव को जेसीबी से तोड़वाया। एसएचओ ने कहा कि पता कराया जा रहा है कि किस व्यक्ति ने बालू निकलवाया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई की जाएगी।