पडरौना। लोकसभा चुनाव और त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर पुलिस लोगाें में विश्वास दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। चुस्त-दुरुस्त कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी सीओ, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ लगातार फ्लैग मार्च और पैदल गश्त कर रहे हैं। अहिरौली बाजार पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स के साथ फ्लैग मार्च कर लोगों को लोकसभा चुनाव और त्योहार को लेकर शांति व्यवस्था और सुरक्षा का अहसास कराया।
बुधवार को अहिरौली बाजार थाना प्रभारी मनाेज कुमार वर्मा की अगुआई में केंद्रीय पुलिस बल और स्थानीय पुलिस बल की टीम ने कस्बा के स्थानीय बाजार, बरवा बाबू, मजीडीहा, पकड़ी, जगदीशपुर, तिलहवां, खोट्ठा, भैसहीं आदि बाजारों और बीच के गांवों में मार्च किया। मुख्य सड़क, बाजार और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच भी की गई। गश्त की अगुआई कर रहे निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने आम जनता, व्यापारियों और दुकानदारों से बातचीत कर माहौल को जानने, समझने और सुरक्षा का भाव पैदा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोकसभा चुनाव और आगामी त्योहारों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए गंभीर है। इस दौरान यदि कोई भी शरारती या अराजक तत्व आते हैं तो उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।