धार्मिक पुस्तक समेत कई अन्य सामग्री बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के चिरइयहवा गांव के रामहरख टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में रविवार को धर्म परिवर्तन कराने की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस वहां से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके पर धार्मिक पुस्तक समेत कई अन्य सामग्री बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, चिरइयहवा गांव के रामहरख टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय के परिसर में प्रत्येक रविवार को धार्मिक प्रार्थना सभा होती है। किसी ने पुलिस को सूचना दी थी कि धार्मिक प्रार्थना सभा में लोगों को गुमराह कर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। यह भी सूचना थी कि पानी पीने से कोई भी असाध्य रोग ठीक हो जाता है, इसका दावा किया जाता है।
पुलिस के अनुसार चौथे रविवार को करीब सौ की संख्या में लोग प्राथमिक विद्यालय परिसर में पहुंचे थे। लोगों को प्रार्थना सभा कराई जा रही थी। सूचना पर पहुंचे हलका दरोगा रामचंद सिंह ने वहां मौजूद लोगों को घर भेज दिया और इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। मौके से कुछ धार्मिक पुस्तकें भी बरामद हुई हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।