कुशीनगर जिले के खड्डा थाना में दर्ज मुकदमे की छानबीन करने घुघुली(महराजगंज) पहुंची पुलिस से आरोपी और उसके पक्ष के लोग भिड़ गए। वहीं, आरोपी ने खड्डा पुलिस टीम के खिलाफ घुघुली थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घुघुली पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। एक कार को कब्जे में लिया गया है।
खड्डा कस्बा निवासी सिकंदर अली ने घुघुली निवासी राम इकबाल के खिलाफ तीन लाख 17 हजार रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले की विवेचना कर रहे दरोगा के नेतृत्व में पीड़ित सिकंदर संग पुलिस टीम मंगलवार को घुघुली पहुंची। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने दबिश दी तो वहां नोकझोंक शुरू हो गई। आरोपी और उसके पक्ष से जुटे लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।
खड्डा पुलिस टीम वहां से किसी तरह से निकल पाई। सिंकदर अली की कार मौके पर ही छूट गई। इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई करती। इसके पहले रामइकबाल घुघुली थाने पहुंच गया। उसने खड्डा पुलिस के खिलाफ तहरीर दे दी। इसको लेकर दिनभर गहमा-गहमी बनी रही। घुघुली के प्रभारी निरीक्षक नीरज राय ने बताया कि खड्डा पुलिस आई थी। रामइकबाल की तहरीर पर जांच की जा रही है। एक कार को कब्जे में लिया गया है।
इस संबंध में खड्डा थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि रामइकबाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इसकी छानबीन के लिए पुलिस टीम अपने साथ वादी को लेकर आरोपी के घर गई थी। इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।