पडरौना। दिल्ली और एनसीआर के स्कूलों में बुधवार को स्कूल संचालकों को बम से स्कूल उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद जिले में भी पुलिस सतर्क हो गई है। एसपी ने एहतियात के तौर पर पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए है। हालांकि अभी तक कुशीनगर के किसी भी स्कूल संचालक को धमकी भरा मेल नहीं मिला है।
दिल्ली और एनसीआर के करीब सौ स्कूलों को उड़ाने की धमकी का ई-मेल सोशल मीडिया पर बुधवार की दोपहर से जिले में वायरल हो रहा है। इसको गंभीरता से लेते हुए जिले की पुलिस अलर्ट हो गई है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि दिल्ली को स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर वायरल होने की जानकारी है। इसको लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह सतर्क है। लेकिन जिले में अभी किसी भी स्कूल संचालक को इस तरह का ई-मेल नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी स्कूल संचालक को इस तरह की धमकी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।