दिन भर लोगों का लगा रहा घटनास्थल पर जमावड़ा
एक के पिता मजदूर तो दूसरे के पिता हैं नाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। सेवरही थाना क्षेत्र के रकबा दुलमापट्टी गांव के भगवानपुर टोला के निकट मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल से रविवार को कूदने वाली दोनों किशोरियां निहायत गरीब परिवार की हैं। एक के पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं तो दूसरी के पिता नाई हैं। घटनास्थल पर रविवार को पूरे दिन लोगों का जमावड़ा लगा रहा। एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
नहर में कूदी रानी उर्फ सब्बू (17) तरयासुजान थाना क्षेत्र के जमसड़िया गांव के निवासी सदीक मियां की पुत्री है। बताया जा रहा है कि सदीक मियां मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका एक बेटा मेराज (16) और दूसरा गोलू (12) साल है। रानी इनसे बड़ी है। सदीक मियां किसी तरह से मजदूरी करके बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ घर का खर्च चलाते हैं।
इसी तरह जमसड़िया गांव के ही उमेश ठाकुर की पुत्री रानी भी बड़ी है। उसकी कोई बहन नहीं है। उससे छोटा सिर्फ एक भाई है। उमेश परिवार के भरण-पोषण के लिए नाई का काम करते हैं। दोनों किशोरियों के नहर में कूदने की वजह के बारे में परिवार के लोग कुछ भी नहीं बता रहे हैं।
इतना कह रहे हैं कि दोनों सहेली थीं। इंटर की पढ़ाई साथ में करती थीं। नहर में दोनों के कूदने के बारे में जानकारी होने के बाद जो जहां था, वहीं से घटनास्थल पर पहुंच गया था। हालांकि, इस घटना की वजह को लेकर कुछ चर्चाएं थीं, लेकिन परिवार के लोग या पुलिस उस बारे में कुछ नहीं कह रही है।