कुबेरस्थान। जंगल विशुनपुरा में जल जीवन मिशन के तहत लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगे पाइप में लीकेज हो गया है। इसकी मरम्मत के बजाए ठेकेदार ट्यूब से बांधकर उस पर मिट्टी डलवा दे रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर लोगों ने रविवार को प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
रविवार को प्रदर्शन कर रहे गांव के रमेश गुप्ता, श्रवण कुमार गुप्ता, सोनू कुमार, मुकेश चौहान, कमलेश, नंदकुमार, नौसाद आदि ने कहा कि गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत ओवर हेड टैंक का निर्माण कराया गया है। हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए गांव में पाइप भी बिछा दिया गया है। गांव में बिछाई गई पाइप की गुणवत्ता खराब होने की वजह से जलापूर्ति होते ही पाइप फट जा रहा है। लोगों के घर गंदा पानी पहुंच रहा है। लोगों का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व पाइप फटने पर ठेकेदार लीकेज वाले पाइप की मरम्मत कराने के स्थान पर ट्यूब से बंधवाकर कर उसे मिट्टी से ढकवा दिया। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। इन लोगों ने नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में जल निगम ग्रामीण के एक्सईएन पंकज कुमार ने बताया कि जंगल विशुनपुर गांव में जलापूर्ति पाइप में लीकेज की शिकायत मिली है। इसकी जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।