मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के किनारे बृहस्पतिवार की शाम को मृत राष्ट्रीय पक्षी मोर के पंख को कुछ लोग तोड़ रहे थे कि वहां से जा रहे सुरेन्द्र साहनी रुके और उन्होंने जागरूकता का परिचय देते हुए मौके पर मौजूद लोगों को भगाया और तत्काल डायल 112, कोतवाली पड़रौना तथा रेंजर पडरौना को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, वहीं वन दरोगा रामध्यान पाण्डेय और वन रक्षक मनोज कुमार भी तुरंत पहुंचे। उन्होंने मृत राष्ट्रीय पक्षी को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जाएगा कि पक्षी की मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।