पडरौना। जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पार पहुंच गया। भीषण गर्मी के चलते मेडिकल कॉलेज में मरीज बढ़ गए हैं। सीएमएस डॉ. दिलीप जायसवाल का कहना है कि इन दिनों डायरिया के लक्षण, पेट दर्द, डिहाइड्रेशन, झटके के रोगियों की संख्या बढ़ गई है। पिछले 12 घंटे में इमरजेंसी वार्ड में कुल 111 मरीज आए। इनमें 105 की हालत गंभीर देख विभिन्न वार्डों में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, गर्मी में दूषित खान-पान व डिहाइड्रेशन के कारण डायरिया, उल्टी-दस्त और तेज बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। इमरजेंसी वार्ड से लेकर बच्चा व पीआईसीयू वार्ड के बेड फुल हैं। सीएमएस डॉ. दिलीप जायसवाल नेबताया कि मौसम के चलते मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जो व्यवस्था और संसाधन उपलब्ध हैं, उसमें मरीजों के बेहतर उपचार का प्रयास किया जा रहा है। संवाद