जिला अस्पताल के प्लास्टर कक्ष में लगी भीड़। संवाद
- फोटो : KUSHINAGAR
छुट्टियों के बाद खुली ओपीडी, जुटी भीड़
- प्लास्टर कक्षा और एक्सरे कराने के लिए मरीजों की भीड़ लगी रही
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। दीपावली के अवकाश के बाद बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो मरीजों की भीड़ लग गई। ओपीडी के साथ-साथ प्लास्टर कक्ष और एक्सरे कक्ष में भी भीड़ लगी रही। हालांकि, दोपहर 12 बजे तक ही ओपीडी चली। समय पूरा होते ही डॉक्टर अपने कक्ष से चले गए।
दीपावली के चलते तीसरे दिन जिला अस्पताल की ओपीडी खुली। सुबह से ही मरीज और उनके तीमारदार जिला अस्पताल पहुंचे थे। जैसे ही अपने कक्ष में डॉक्टर पहुंचे, मरीजों की लाइन लग गई। दोपहर 12 बजे तक ओपीडी चली। इस दौरान मरीजों ने एक-एक कर इलाज कराया। इस दरम्यान अस्पताल में भीड़ लगी रही। यही हाल प्लास्टर कक्ष का रहा। मरीजों और उनके तीमारदारों से प्लास्टर कक्ष भरा रहा। एक्सरे कक्ष एवं अल्ट्रासाउंड कक्ष में भी मरीज पहुंचे थे। बुधवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में भी भीड़ लगी रही।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि इन दिनों वायरल फीवर की चपेट में लोग आ रहे हैं। इस मर्ज के रोगी अधिक आए थे। उन्होंने बताया कि कुछ लोग शराब पीकर वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।
दुर्घटना में ऐसे घायल लोग भी इलाज के लिए आए थे। इस वजह से भीड़ रही। बृहस्पतिवार को भी ओपीडी दोपहर 12 बजे तक खुली रहेगी।