सुकरौली। ढाढ़ा चीनी मिल परिसर में एथेनाल कंपनी के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। डीएम की तरफ से भी संस्तुति मिल गई है। इससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित ओद्योगिक विकास मंत्री नन्दगोपाल नंदी ने वर्चुअल रूप से ढाढ़ा में एथेनाल कंपनी का शिलान्यास किया था। इसका निर्माण ढाढ़ा चीनी मिल परिसर में करीब 48 एकड़ भूमि पर 250 करोड़ रुपये की लागत से होना है। प्रबंधन ने लाइसेंस सहित पर्यावरण विभाग से एनओसी और ऋण के लिए आवेदन किया था। वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक डीडी सिंह ने बताया कि एथेनॉल फैक्टरी शुरू होने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि गन्ने का सीजन समाप्त होने पर अनाज से प्लांट चलेगा। जीएम करन सिंह ने बताया कि राष्ट्रहित में एथेनॉल का उत्पादन आवश्यक है। एथेनॉल के उत्पादन से तेल आयात में कमी आएगी, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी। उन्होंने बताया कि कंपनी का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए डीएम की तरफ से संस्तुति मिल गई है। अब निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू करा दिया जाएगा।