पडरौना। जिले के लोगों को इस माह एक महत्वपूर्ण सुविधा मिलने जा रही है। 26 अप्रैल को कुशीनगर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्घाटन केंद्र सरकार के विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह करेंगे। पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री व राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह की पहल पर संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विदेश मंत्रालय ने जिले में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की सहमति दी है। इसके पहले जिले के लोग गोरखपुर स्थित कार्यालय से पासपोर्ट बनवाते थे। पासपोर्ट सेवा केंद्र का लाभ कुशीनगर जिले के अलावा बिहार के लोग भी उठाएंगे। जब तक पासपोर्ट कार्यालय के लिए अपना भवन नहीं बन जाता है, तब तक उसे जिला मुख्यालय स्थित रविंद्र नगर धूस स्थित मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय के बगल में स्थापित किया जाएगा।