सिंचाई विभाग की खाली पड़ी एक हेक्टेयर भूमि पर बनेगा पार्क
- महिला थाना के पास स्थित सिंचाई विभाग की जमीन का एसडीएम ने निरीक्षण कर भेजी रिपोर्ट
- पार्क के पास स्थित गंडक नहर की पटरी का भी होगा सुंदरीकरण, लगाए जाएंगे कई तरह के पौधे
पडरौना। नगर में सुबह-सवेरे टहलने वाले लोगों को अच्छे पार्क की सुविधा जल्द ही मिल जाएगी। डीएम के निर्देश पर महिला थाना के पास सिंचाई विभाग की खाली पड़ी एक हेक्टेयर भूमि पर पार्क बनाया जाएगा। सदर एसडीएम भूमि का जायजा लेकर डीएम को रिपोर्ट भेजने की कार्रवाई में जुटे हैं।
पडरौना शहर में रामकोला रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में नगर पालिका परिषद की तरफ से दो पार्क बनाए गए हैं। पार्क छोटा होने की वजह से सिर्फ कॉलोनी के लोग और बच्चे ही वहां पहुंचते हैं। रोजाना सुबह टहलने और व्यायाम करने के लिए लोग रेलवे स्टेशन और उदित नारायण इंटर कॉलेज के खेल परिसर में जाते हैं। बच्चों को खेलने या लोगों को टहलने के लिए उपयुक्त जगह नहीं होने से लोग शहर में पार्क का निर्माण कराने के लिए जिला प्रशासन से मांग कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पार्क बनाने के लिए महिला थाने के पास सिंचाई विभाग की खाली पड़ी जमीन को चिह्नित किया। बुधवार शाम सदर एसडीएम महात्मा सिंह ने भूमि का जायजा लेकर कार्रवाई आगे बढ़ाई। जल्द ही वह रिपोर्ट बनाकर डीएम के पास भेज देंगे। यहां पार्क बनने के बाद लोग गंडक नहर किनारे शुद्ध हवा में टहल सकेंगे।
शहर में पार्क बनाने के लिए महिला थाने के पास सिंचाई विभाग की खाली पड़ी भूमि को चिह्नित किया गया है। लोगों को सुबह शाम टहलने के लिए गंडक नगर की पटरी का भी सुंदरीकरण कराया जाएगा। नगर में जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए चीनी मिल के खाली पड़ी जमीन, सुभाष चौक स्थित गन्ना समिति की जमीन और जटहां रोड स्थित एक जमीन को चिह्नित किया गया। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है।
महात्मा सिंह, एसडीएम, पडरौना।