उजारनाथ। पटहेरवा व तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं। लोग दिनरात पहरेदारी कर रहे हैं। इस बीच फेरी लगाने वालों पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है। यही नहीं, गांवों में आने वाले अपरचित, मानसिक दिव्यांग और भिखारियों की भी लोग चोर समझकर पिटाई कर दे रहे हैं। 30 अगस्त से लेकर अब तक आधा दर्जन ऐसे मामले आए हैं, जिसमें फेरी लगाने वालों की पिटाई की गई है। इसके चलते अब गांवों में फेरी लगाने वाले नजर ही नहीं आ रहे हैं।
क्षेत्र के सपही बुजुर्ग, करमैनी, उजारनाथ, मोगलपुरा, सिंदुरिया बुजुर्ग, सपहा, खलवापट्टी, पकड़ी गोसाई, जवार भैंसहा आदि गांवों चोरों का खौफ है। गांव वाले हर अनजान व्यक्ति को चोर समझ ले रहे हैं। उसके चक्कर में अपरचित, मानसिक दिव्यांग और भिखारियों की पिटाई कर दे रहे हैं। संदिग्ध लोगों को देखते ही गांव के लोग पुलिस को इसकी सूचना दे रहे हैं। जब पुलिस संदिग्ध को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है तो वे बेकसूर साबित हो रहे हैं।
शनिवार को तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के सपहा गांव में एक फेरीवाला घी बेच रहा था। गांववालों ने घी का दाम पूछा तो उसने 500 रुपये किलो बताया। इस पर लोगों ने उससे आधार कार्ड दिखाने की बात कही। आधार कार्ड नहीं दिखाने पर लोगों ने चोर समझकर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। इसी तरह तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव सपही बुजुर्ग में एक कबाड़ी कबाड़ लेने आया। गांव वालों ने उसका आधार कार्ड मांगा और कार्ड नहीं दिखाने पर उसकी पिटाई करते हुए उसे गांव से बाहर भगा दिया गया। सोमवार की सुबह तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के चंद्रौटा गांव में चप्पल बेचने आए फेरीवाले की लोगों ने चोर समझकर पिटाई कर दी। ऐसे कई और मामले हैं, जिसमें चोर समझकर फेरीवालों की पिटाई की गई है।
0
गांव-गांव प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कुछ जगहों पर लोग चोर समझकर बेकसूर लोगों की पिटाई कर दे रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध है या उसकी गतिविधियां संदिग्ध नजर आ रही हैं तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। -संजय कुमार, एसओ-तुर्कपट्टी