मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के गायघाट के पास मंगलवार की देर रात हिंसक जानवर दिखने से लोगों में दहशत है। रात में लोग लाठी-डंडा लेकर पहरा दे रहे हैं। सूचना के बाद बुधवार को वन विभाग की टीम जांच में जुटी है। वन विभाग ने पदचिह्न के आधार पर लकड़बग्घा होने की पुष्टि की है।
बद्री नारायण महाविद्यालय के पास मंगलवार की देर रात किसी व्यक्ति ने खेत में एक जानवर को जाते देखा। उसने यह बात अन्य लोगों को बताई। उसके बाद लोग लाठी-डंडा लेकर बताई जगह पर पहुंचे। लोगो ने जानवर को भी देखा, लेकिन रात में अंधेरा होने से उसकी पहचान नहीं हो सकी। लोग पहरा देने लगे। लोगों का कहना है की दो तीन दिन से यह बात क्षेत्र में चल रही है कि कोई जानवर घूम रहा है, लेकिन कोई ठीक से देखा नहीं है। इस संबंध में वन दरोगा रामध्यान पांडेय ने बताया कि लोगों की सूचना पर विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचा था। जांच के बाद पदचिह्न देखने से लकड़बग्घा की पुष्टि हुई है। यह जानवरों और छोटे बच्चों पर हमला करता है। टीम लगाकर उसकी खोजबीन की जा रही है।