एयरपोर्ट की तर्ज पर होगा पडरौना बस अड्डे का विकास
पडरौना। जिला मुख्यालय स्थित पडरौना बस अड्डे के दिन बहुरने की उम्मीद जगी है। गोरखपुर परिक्षेत्र के सभी जिलों में एयरपोर्ट की तर्ज पर मॉडल बस स्टेशन बनाने की कवायद शुरू हुई है। इसमें गोरखपुर, महराजगंज, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर और देवरिया के अलावा कुशीनगर जनपद भी शामिल हैं।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) से नया बस अड्डा बनने पर यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। पडरौना के एआरएम बिंदू प्रसाद ने कहा कि क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। पडरौना बस स्टेशन परिसर बरसात के दिनों में तालाब बन जाता है। यहां से चलने वाली बसें सड़क पर सवारी भरती हैं। बस स्टेशन पर शौचालय, प्रकाश, प्रतीक्षालय, पीने के पानी सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। प्रतीक्षालय के अभाव में देर शाम बस नहीं मिलने पर यात्रियों को वापस घर लौटना पड़ता है। बस अड्डा परिसर में पानी भरने की वजह से यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ती है।
नई व्यवस्था के अनुसार बस अड्डा बनाए जाने पर इन सभी समस्याओं से निजात मिल जाएगी। विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि नए मॉडल बस अड्डे पर यात्री प्रतीक्षालय हाल, प्रसाधन केंद्र, बिजली, पंखे और पानी से लेकर घोषणा प्रणाली सहित अन्य सुविधाएं मुहैया होंगी। यात्रियों को स्टेशन पर ही खानपान, खरीदारी के अलावा होटल की भी सुविधाएं मिल जाएंगी।
पडरौना बस अड्डा में यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। नए मॉडल बस अड्डे बनाए जाने के संबंध में क्षेत्रीय कार्यालय से सूचना मांगी गई है। इस संबंध में जो भी निर्देश होंगे। उनका पालन करते हुए निर्माण कार्य से संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- बिंदू प्रसाद, एआरएम, पडरौना