कप्तानगंज। कस्बे के रेलवे क्राॅसिंग पर हो रहे ओबरब्रिज के निर्माण कार्य का बृहस्पतिवार को सांसद ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एनएच के अधिशासी अभियंता के साथ बैठक कर निर्माण कार्य के गुणवत्ता की चर्चा कर निर्धारित समय के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। एनएच के अधिशासी अभियंता ने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण का कार्य 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद वहां अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
सांसद विजय कुमार दुबे और एनएचके अधिशासी अभियंता प्रभात चौधरी के साथ कप्तानगंज एनएच-730 के कप्तानगंज रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान कस्बे के लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया।
ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर कस्बे के सवरू चौधरी, राघव कुशवाहा, हरिनारायण शर्मा, सुलेमान अंसारी, मुलायम खरवार, मिथिलेश मिश्रा आदि लोगों ने सांसद से कहा कि सुभाष चौक के पुलिस सहायता केंद्र के पास बनी पीलर के आगे और पिलर खड़ा किए जाए। यदि इसे पूरी तरह पैक कर दिया जाएगा, तो दोनों तरफ के लोगों का आवागमन और व्यवसाय करने में परेशानी होगी।
इस पर सांसद ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि इन लोगों की समस्या के समाधान पर विचार करें। अधिशासी अभियंता ने कहा कि स्थलीय जांच कराया जाएगा। यदि थोड़ी भी गुंजाइश होगी तो लोगों की मांग पूरी की जाएगी।
इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि विजय खेतान, आनंद मिश्रा, जयप्रकाश उपाध्याय, संजय यादव, मुकेश सिंह, विजय कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।