कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते संयुक्त अध्यक्षता जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन पांडेय व जिला
- फोटो : KUSHINAGAR
75 फीसदी या उससे अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थी ही छात्रवृत्ति के लिए पात्र
छात्रवृत्ति पूर्ति एवं शुल्क पूर्ति आवेदन के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक
पडरौना। मौजूदा वित्तीय वर्ष में छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कक्षा नौ से 12 तक छात्रवृत्ति पूर्ति एवं शुल्क पूर्ति आवेदन के संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। बैठक में छात्रवृत्ति के लिए जरूरी शर्तों को पूरा कराने के निर्देश दिए गए। यह भी बताया गया कि 75 फीसदी या उससे अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थी ही छात्रवृत्ति के लिए पात्र माने जाएंगे।
अध्यक्षता संयुक्त रूप से जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन पांडेय एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुनहरी लाल ने की। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुनहरी लाल ने बताया कि सभी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की बायोमीट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की जानी है। मास्टर डाटा में प्रत्येक शिक्षण संस्थान को वर्ष 2022 के लिए निर्धारित समयावधि में समस्त सूचनाओं को अपडेट करना है। इसलिए नोडल अधिकारी के डिजिटल सिग्नेचर लॉक कराने सहित समस्त प्रक्रिया पूरी की जाए। सभी शिक्षण संस्थान अपने वहां पढ़ने छात्रों का अनिवार्य रूप से आधार कार्ड बनवाएं तथा नामांकन संख्या भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022 में जारी नियमावली के अनुसार शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त सभी संस्थान निर्धारित सीमा व नियमों में आने वाले पात्र अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रों का प्रवेश निशुल्क लेंगे। सभी विश्वविद्यालय अथवा एफलिएटिंग एजेंसी (संबद्ध सहयोगी संस्था) अपने संबद्ध संस्थानों को सूचना दें कि प्रत्येक संस्थान के लिए यू डायस कोड भरा जाना अनिवार्य है। 75 प्रतिशत या उससे अधिक उपस्थिति रखने वाले छात्र ही छात्रवृत्ति के लिए पात्र हैं। प्रत्येक संस्था में छात्रवृत्ति हेल्प डेस्क व फैसिलिटेशन सेंटर खोले जाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में इस बात की भी चर्चा हुई कि विश्वविद्यालय अथवा एफिलिएटिंग एजेंसी की ओर से समय से परीक्षाफल की घोषणा एवं छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपलोड की जाए। प्रत्येक विश्वविद्यालय अपने यहां संचालित कोर्स का शुल्क निर्धारण करा लें, जिससे छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जा सके। बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षक मौजूद थे।