पकवा इनार। पिता की लाठी से पीटकर हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी को पुलिस ने घर से बरामद किया है। इसके पूर्व भी आरोपी माता-पिता से कई बार विवाद कर चुका था। घर पहुंची आरोपी की बहन मां का रूप देखकर चीखने लगी और बोली कि भाई से यह उम्मीद नहीं थी, वह मेरी नजर में मर चुका है। नगरपालिका कुशीनगर के वार्ड-21 बुद्ध नगरी निवासी नवीन चौरसिया ने शुक्रवार की शाम घर के सामने सड़क पर रुपये न देने के विवाद में लाठी से पीटकर पिता राधेश्याम चौरसिया (60) की हत्या कर दी। घटना की चर्चा दूसरे दिन भी मोहल्लों में है। घटना के बाद देर रात को मृतक की बेटी नीतू अपने बेटे के साथ पहुंची। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव दरवाजे पर पहुंचा तो नीतू दहाड़ें मारकर रोने लगी और चीखते हुए बोली कि भाई को इतना परिश्रम से पिता ने पाला था। इकलौता होने के कारण पूरे परिवार का दुलारा था।