पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक और विद्यार्थियों की 15 जुलाई से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होगी। इसके साथ टैबलेट के माध्यम से 12 पंजिकाओं में दर्ज होने वाले कार्य भी ऑनलाइन होंगे। शिक्षकों की दो बार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज होगी। शासन से आदेश आने के बाद शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।
परिषदीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों की अब लेटलतीफी नहीं चलेगी। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति 15 जुलाई से अनिवार्य होगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक इस हाजिरी को प्रमाणित करेंगे। ऑनलाइन उपस्थिति के साथ-साथ विद्यालय की 12 पंजिकाएं भी ऑनलाइन होंगी। यानी विद्यालय में एमडीएम से लेकर प्रत्येक रजिस्टर ऑनलाइन रहेंगे। कुछ महीने पहले शासन की तरफ से प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में दो टैबलेट का आवंटन किया गया था। अब 15 जुलाई से विद्यालय में शिक्षक व नौनिहालों की ऑनलाइन हाजिरी ही मान्य होगी। हाजिरी लगाने के बाद प्रधानाध्यापक इसको प्रमाणित करेंगे। शिक्षक विद्यालय आगमन व प्रस्थान यानि दो बार हाजिरी लगाएंगे। इनमें उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति पंजिका, एमडीएम पंजिका, समेकित निशुल्क सामग्री वितरण पंजिका, स्टॉक पंजिका, आय व्यय एवं चेक इश्यू पंजिका, बैठक पंजिका, निरीक्षण पंजिका, पत्र व्यवहार पंजिका, बाल गणना पंजिका व पुस्तकालय एवं खेलकूद पंजिका शामिल है। इस संबंध में बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या ने बताया कि 15 जुलाई से शिक्षक और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। इसका अनुपालन कराने के लिए सभी बीईओ को पत्र भेजा जा रहा है।