करंट की चपेट से महिला की मौत
बरवापट्टी (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के अमवाखास गांव के कान्ही टोला में शनिवार को एक महिला की करंट की चपेट से मौत हो गई। इस हादसे के बाद महिला के घर में मातम छा गया है। बताया जा रहा है कि मुरारी की 25 वर्षीय पत्नी कुसुम शनिवार को अपने घर में लगे बिजली के बोर्ड में पंखा का तार लगा रही थीं उसी दरम्यान करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल नजदीक के एक अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।