पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को बिजली और सिविल के एक-एक अवर अभियंता को डीएम ने नियुक्ति पत्र दिया। डीएम ने कहा कि मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं, ताकि देश की तरक्की में भरपूर योगदान मिल सके।
कलक्ट्रेट सभागार में सबसे पहले उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की तरफ से हुई भर्ती प्रक्रिया के तहत 1,334 अवर अभियंता, संगणक एवं फोरमैन पदों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। डीएम उमेश मिश्रा ने मठिया नरईपुर निवासी जुबैर आलम को अवर अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) आवास एवं शहरी नियोजन विभाग और जवही मलही मुस्तकील पोजही निवासी बृजेश मद्धेशिया अवर अभियंता (सिविल) नगर निकाय विभाग को नियुक्ति पत्र दिया। डीएम ने कहा कि सरकारी कार्याें की जिम्मेदारी मिलना गर्व की बात है। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्रा, एडीएम न्यायिक प्रेम कुमार राय, पीडी जगदीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।