पडरौना। बारिश के दौरान दोपहर में कार की टक्कर से दो बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। सिर में गंभीर चोट लगने से ठेकेदार की मौके पर मौत हो गई। बाकी दोनों घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। हालांकि, घायल एक बाइक सवार ने कार के नंबर का फोटो मोबाइल में खींच लिया। उस कार की पुलिस तलाश कर रही है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सतभरिया गांव निवासी 45 वर्षीय ठेकेदार रविंद्र राजभर और 42 वर्षीय अवधेश राजभर बाइक से पडरौना आ रहे थे। बलुचहा चौक के पास बारिश शुरू हो गई। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने रविंद्र की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि पीछे दूसरी बाइक पर मौजूद रामकोला थाना क्षेत्र के धोधरही भरपटिया गांव निवासी 56 वर्षीय श्यामसुंदर राजभर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के मकान और दुकानों में छिपे लोगों ने शोर मचाया। लेकिन, चालक कार लेकर भाग गया। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां रविंद्र को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। रविंद्र ठेकेदार थे। इनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कोतवाल सुशील शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गाड़ी का नंबर मालूम हो गया है। इसकी तलाश की जा रही है।