कोरोना पॉजिटिव एक मरीज की मौत, आठ नए पॉजिटिव मरीज मिले - कोरोना पॉजिटिव मृतकों की संख्या हुई चार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पडरौना। गोरखपुर में भर्ती कुशीनगर जिले की एक कोरोना पॉजिटिव महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके अलावा आठ मरीजों के सैम्पल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मंगलवार को सात मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 131 हो गई है।
सीएमओ डॉ एनपी गुप्ता ने बताया कि जो आठ पॉजिटिव मरीज मिले है, इनमें एक पुलिस लाइन का पुलिसकर्मी शामिल है। इसके अलावा तीन संक्रमित पडरौना क्षेत्र के ही गोपालपुर गांव के निवासी हैं। तीन पॉजिटिव मरीज फाजिलनगर क्षेत्र के जौरा बाजार गोविंद टोला के निवासी हैं, जबकि एक दुदही क्षेत्र के खलवापट्टी का निवासी है। इन्हें लक्ष्मीपुर के अटैच एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हाटा कोतवाली और मोतीचक ब्लॉक के गांव सिकटा की 60 वर्षीया महिला 17 तारीख को संक्रमित पाई गई थी। गोरखपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी।
मंगलवार को सात मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कुल पॉजिटिव 131 मरीजों में एक्टिव केस की संख्या 46 हो गई है। कंटेन्मेंट एरिया की संख्या 50 है।