मार्ग दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत
कसया। क्षेत्र के रामकोला-कसया मार्ग के जखनी गांव के पास देर शाम साइकिल सवार बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल वृद्ध को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें गोरखपुर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के चिउटहा निवासी छट्ठू यादव (72) अहिरौली बाजार से बाजार करके साइकिल से घर लौट रहे थे। अभी वह रामकोला- कसया मार्ग पर जखनी गांव के समीप पहुंचे थे। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में कसया के एसएचओ डॉ. आशुतोष तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।