कसया। नगर के गांधी चौक पर पीडब्ल्यूडी डाक बंगले के गेस्ट हाउस में अतिथियों को भ्रामक सूचना मिल रही है। वहां पर लगे डैशबोर्ड पर पूर्व डीएम रमेश रंजन का नाम लिखा हुआ है। उस पर लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों की नजर अब तक नहीं पड़ी है। जबकि उनका स्थानांतरण हुए करीब 6 महीने हो गए। नगर के इस गेस्ट हाउस में लोगों का हमेशा आवागमन रहता है। बीच-बीच में वीआईपी गेस्ट भी आते रहते हैं, लेकिन उसके बरामदे में लगे बोर्ड पर डीएम सहित लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों का नाम, पद और मोबाइल फोन नंबर लिखा हुआ है। सबसे ऊपर डीएम रमेश रंजन का नाम आज भी अंकित है। इस संबंध में एक्सईएन मृत्युंजय कुमार का कहना है कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। अगर पुराने डीएम का नाम होगा तो वहां नए डीएम का नाम लिखवा दिया जाएगा।