- मेडिकल कॉलेज को स्थानांतरित हुई एक एकड़ जमीन, एक साल में भवन निर्माण का लक्ष्य
- जमीन स्थानांतरण नहीं होने के कारण रुका था निर्माण कार्य, 50 लाख बजट स्वीकृत हुआ
पडरौना। हरका के पास नर्सिंग कॉलेज का निर्माण एक एकड़ की जमीन में होगा। इसके लिए 50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है। एक साल के अंदर भवन का निर्माण कार्य पूरा करना है। मेडिकल कॉलेज के नाम से जमीन स्थानांतरित नहीं होने की वजह से कॉलेज का निर्माण अधर में लटका था।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण दो फेज में हो रहा है। हरका के पास एकेडमिक ब्लॉक का निर्माण हो रहा है। यहां पर पढ़ाई होगी, जबकि इलाज के लिए भवन जिला अस्पताल के पास रविंद्रनगर धूस में बन रहा है। हरका के पास नर्सिंग कॉलेज का भी निर्माण होना था, लेकिन ग्राम सभा की जमीन मेडिकल कॉलेज के नाम से स्थानांतरित नहीं होने के कारण रुका हुआ था।
दस दिन पूर्व शासन स्तर पर इस समस्या का समाधान हो गया और मेडिकल कॉलेज के नाम से एक एकड़ जमीन स्थानांतरित हो गई। इसकी कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी है। एक करोड़ की लागत से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। 50 लाख रुपये इसके लिए स्वीकृत भी हो गए हैं। इसके लिए सभी तैयारियां मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से पूरी की जा चुकी हैं।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज/जिला अस्पताल के प्राचार्य डॉ. आरके शाही ने बताया कि जमीन स्थानांतरण में देरी की वजह से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण रुका था। इसका समाधान हो गया है। निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। एक साल के अंदर निर्माण कार्य पूरा कर भवन को हैंडओवर लेने की कोशिश है। अगर ऐसा हुआ तो नए सत्र में नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर पढ़ाई भी शुरू करा दी जाएगी।