अरनहवा गांव के मामले में दोनों पक्ष पहुंचे ब्लॉक मुख्यालय
एक पक्ष ने ग्राम प्रधान और सचिव पर कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। आकांक्षात्मक ब्लॉक विशुनपुरा के अरनहवा गांव में पीएम आवास की धनराशि दूसरे के खाते में भेजने का मामला तूल पकड़ने लगा है। बृहस्पतिवार को गांव के लोगों ने ब्लाॅक कार्यालय पहुंच कर सचिव व ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर प्रधान व सचिव पर मनमानी का आरोप लगाया। गांव के सचिव व ग्राम प्रधान पक्ष के लोग भी बीडीओ से मुलाकात कर अपनी बात रखे। इस मामले में बीडीओ ने सचिव को नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगा है।
अरनहवा निवासी पप्पू राय, वीरेंद्र राजभर और रविंदर राजभर को प्रधानमंत्री आवास का आवंटन हुआ है। तीनों पात्र आवास निर्माण के लिए बैंक जाकर पैसा आने का कई बार पता किया। करीब दो दिन पूर्व ब्लाॅक कर्मचारी इन लाभार्थियों के घर जाकर कहा कि खाते में पैसा जाने के बाद भी निर्माण कार्य क्यों नहीं हो रहा है। इसके बाद बुधवार को पप्पू राय ने ब्लाॅक पहुंच कर बीडीओ को पत्र दिया।
कार्यालय में जांच हुई तो पता चला कि तीनों लोगों का प्रधानमंत्री आवास का पैसा दूसरे के खाते में चला गया है। यह मामला संज्ञान में आने के बाद बृहस्पतिवार को पप्पू, वीरेंद्र, रविंदर, सुग्रीव, विद्यार्थी, सुगंती आदि लोग ब्लाॅक कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन कर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा।
इसके पहले भी अकलू, सुगंती, विद्यार्थी, जीतेंद्र का नाम प्रधानमंत्री आवास की पात्रता सूची में था, लेकिन काट दिया गया। प्रधान व सचिव ने मनमानी की गई है। उनका कहना है कि इस मनमानी की निष्पक्षता से जांच कर कार्रवाई की मांग की।
बीडीओ ने सभी को आश्वासन दिया कि जांच हो रही है, जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी। वहीं, दूसरी तरफ सचिव व ग्राम प्रधान की तरफ से काफी संख्या में लोग ब्लॉक सभागार में बैठकर बीडीओ से अपनी बात रखी। ग्राम प्रधान और सचिव की तरफ से जानकी देवी, मोती देवी, शांति, नरेश, नंदलाल आदि मौजूद रहे।
नाम एक होने के कारण शिकायतकर्ता पप्पू को लग रहा है कि आवास उनको ही मिला है, जबकि ऐसा नहीं हुआ है। जांच में अपना पक्ष रख दूंगा।
-अजय कुमार, सचिव
दोनों पक्षों ने पत्र के माध्यम से अपनी बात बताई है। प्रधानमंत्री आवास का पैसा दूसरे के खाते में जाने के प्रकरण में सचिव को नोटिस दिया गया है। जांच अभी की जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- सुशील कुमार सिंह, बीडीओ, विशुनपुरा