खड्डा/ छितौनी। श्रम विभाग की तरफ से बाल श्रम उन्मूलन को लेकर जून में विशेष अभियान चलाया गया। खड्डा तहसील के विभिन्न कस्बों में जगह-जगह छापा मारा गया। इस दौरान 11 बाल श्रमिकों को चिह्नित किया गया और बाल मजदूरों से कार्य कराने वाले संचालकों को नोटिस दिया गया। यह अभियान खड्डा तहसील के खड्डा कस्बा, जखनिया चौराहा, पनियहवा व छितौनी कस्बा में चलाया गया।
बता दे कि शासन के मंशा अनुसार 1 जून से 30 जून तक श्रम विभाग के अगुवाई में बाल श्रम के तहत होटलों, गाड़ी मरम्मत व अन्य दुकानों पर अभियान चलाकर बाल श्रमिकों को चिह्नित कर दुकानदारों को नोटिस दिया जा रहा है। शनिवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह, चाइल्ड हेल्प लाइन के प्रभारी मोहन लाल गुप्ता के साथ खड्डा कस्बा समेत छितौनी कस्बे में चिह्नित बाल श्रमिकों से नाम, पता लेने के साथ अपने मर्जी से काम करने या जबरदस्ती काम कराने की बात पूछी गई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि नाबालिग बच्चों से काम कराते पाए जाने पर संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को किया गया सम्मानित
कसया। नगर पालिका परिषद कुशीनगर की ओर से वेस्ट टू वंडर पार्क में स्वच्छता सम्मान समारोह दिवस का आयोजन किया गया। स्वच्छता व सौंदर्यीकरण, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं पौधरोपण के क्षेत्र में निकायों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं से तीन लोगों को सम्मानित किया गया।
ईओ शैलेंद्र मिश्रा और चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर एवं रोटरी क्लब के अध्यक्ष वाहिद अली, स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति के सदस्य दिनेश कुमार तिवारी एवं स्वच्छ चैंपियन उपेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में जन सहयोग के माध्यम से प्रथम पायदान पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। सबके सहयोग से सुंदर एवं स्वच्छ नगर बनाया जाएगा।
नगर को स्वच्छ बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए चयनित किए गए ब्रांड एंबेसडर स्वच्छ वातावरण समिति के सदस्य और सफाई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित करने का सिलसिला चलता रहेगा। ईओ शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि 5 जून से 21 जून तक वेस्ट टू वंडर पार्क में स्वच्छता समारोह मनाया गया। इस दौरान सभासद राजेश मद्धेशिया, पुष्कर दूबे, आनंदमोहन श्रीवास्तव, नगर पालिका परिषद कुशीनगर के स्वच्छता प्रभारी श्रवण तिवारी,उग्रसेन राजेश श्रीवास्तव हरेंद्र यादव, मोहम्मद मुस्तफा, साकेत गोविंद राव, कमोद पांडेय, मुन्ना, रिजवान, राजकुमार, अमन श्रीवास्तव एवं देवेंदु गौतम आदि मौजूद रहे।