पडरौना। शासन के निर्देश पर शुक्रवार को कृषि विभाग की टीम ने उर्वरक की दुकानों की जांच की। 25 दुकानों पर अभिलेखों का रखरखाव समेत अन्य कमियां मिलने पर उन्हें नोटिस देकर जवाब-तलब किया गया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका ने बताया कि उर्वरक की दुकानों की जांच के लिए कृषि विभाग की तरफ से गठित टीम ने पडरौना, कसया व तमकुही तहसील के 25 उर्वरक की दुकानों की जांच की। इसमें छह नमूने एकत्र किए गए। जबकि जांच के दौरान 15 दुकानों पर कमियां मिलने की वजह से उन्हें नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया। इसी तरह हाटा, कप्तानगंज व खड्डा तहसील में टीम ने 30 दुकानों की जांच कर छह नमूने एकत्र किए। इन तहसीलों में उर्वरक और बीच विक्रेताओं की दुकानों की जांच में कमियां मिलने पर 25 दुकानदारों को नोटिस देकर उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है। उनके जवाब के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।